चंडीगढ़ , फरवरी 14 -- पंजाब विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता राणा के.पी. के पंजाबियों को लेकर दिये गए विवादित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने शनिवार को कहा कि पंजाबियों की तुलना सांप और नेवले से करना कांग्रेस की घटिया सोच को दर्शाता है।

श्री बलियावाल ने इस बयान पर ट्वीट करते हुए लिखा, " राणा जी पर भी लगता है, संगत का असर हो गया है। "उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेताओं द्वारा कभी दलितों के बारे में, कभी सिखों के बारे में, कभी पंजाबियों को गद्दार कहना और अब पंजाबियों के बारे में की गई यह घटिया टिप्पणी कतई बर्दाश्त योग्य नहीं है। उन्होंने पंजाब कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि कांग्रेस जवाब दे, क्या अब पंजाबियों को आप सांप और नेवला समझने लगे हैं?उन्होंने कहा कि कांग्रेस 'मोहब्बत की दुकान' के झूठे नारे लगाती है, लेकिन वास्तव में कांग्रेसी नेताओं के मन में दलितों, सिखों और पंजाबियों के प्रति केवल नफरत भरी हुई है। उन्होंने मांग की कि राणा के.पी. सिंह अपने बयान पर तुरंत पंजाबियों से माफी मांगें। साथ ही बलियावाल ने पंजाब सरकार से आगामी बजट में कांग्रेसी नेताओं के इलाज के लिए विशेष फंड रखने की मांग की, जिनकी बुद्धि भ्रष्ट हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित