रांची , मार्च 31 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा के गुईरा स्थित टीआरटीसी में आयोजित कांग्रेस के सृजन अभियान के तहत चयनित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में झारखंड और ओडिशा के नवचयनित शिविर के अंतिम दिन मंगलवार को प्रतिभागियों को कांग्रेस नेताओं ने प्रमाण पत्र दिया।

प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर के विभिन्न सत्रों में जिला अध्यक्षों को कांग्रेस के इतिहास की जानकारी दी गई। इसके साथ ही संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, संगठन विस्तार और आम लोगों की जमीनी समस्याओं तक पहुंचने जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि यह शिविर झारखंड में संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

शिविर के दौरान पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों का दो दिनों तक फील्ड विजिट भी कराया गया, जहां प्रतिभागियों ने क्षेत्र का भ्रमण कर आम लोगों से संवाद स्थापित किया। प्रशिक्षण शिविर में मंत्री दीपिका पांडे सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, डॉ इरफान अंसारी, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, उप नेता राजेश कच्छप ने विभिन्न सत्रों में भाग लिया।

वहीं प्रशिक्षक के रूप में सचिन राव, ओडिशा कांग्रेस के प्रभारी अजय कुमार लल्लू, प्रदेश अध्यक्ष भक्त चरण दास, केंद्रीय वार रूम इंचार्ज सांसद शशिकांत सेंथिल, ओडिशा के सह प्रभारी जट्टी कुसुम कुमार, मयूर जय कुमार, झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सह-प्रभारी डॉ सीरीबेला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी सहित अन्य लोग प्रतिदिन उपस्थित थे।

शिविर को सफल बनाने में प्रबंधन टीम के सदस्य समग्र व्यवस्थापक सुनीत शर्मा, शान्तनु मिश्रा, त्रिशानु राय, सौरभ अग्रवाल, कनिका शर्मा, अभिजीत राज, मिली बिरुवा, जानवी कुदादा सहित अन्य ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित