रायपुर , अक्टूबर 07 -- ) छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा है कि राज्य में कॉंग्रेस के शासनकाल में शासन पद्धतियां और परंपराएं दूषित हो गयी थीं।

श्री शर्मा ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस ने शासकीय संस्थाओं को भी बर्बाद करने का कार्य किया गया था। कोई भी संवैधानिक संस्था हो या अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन उचित तरीके से नहीं कर पाते थे, केवल भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों का ही वर्चस्व हुआ करता था जिसका जीवंत उदाहरण सीजीपीएससी में हुए घोटाले में साफ तौर पर नजर आता है। आज कांग्रेस की राष्ट्रीय नेता जो लड़की हूँ लड़ सकती हूँ का नारा दिया करती थीं उनकी पार्टी की महिला कार्यकर्ता के साथ अभद्रता होती है और सूरजपुर में कांग्रेस के नेता द्वारा दुष्कर्म एवं हत्या की जाती है। रायपुर में महिला अधिकारी के साथ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा उनके केबिन में घुसकर दुर्व्यवहार किया जाता है, जिस पर उनके सभी नेता मौन हैं। पिछली सरकार ने पूरे राज्य में भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। शासन तो केवल प्रशासन को जनहित में दिशा दिखाने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के शासनकाल में किसी भी अधिकारी को किसी अवैधानिक कार्य के लिए प्रेरित नहीं कराया जाता है। हाल की घटनाओं, आंकड़ों, दस्तावेजी प्रमाणों एवं माननीय न्यायालयों के कथनों एवं निर्णयों से यह बात प्रमाणित भी हो गयी है। उन्होंने विभिन्न मामलों में कॉंग्रेस के विधायकों और उनके करीबियों के विभिन्न घोटालों, हथियारों की आपूर्ति में संलिप्तता, हत्या, रेत के अवैध परिवहन में संलिप्तता एवं बस्तर क्षेत्र में पत्रकार की हत्या में शामिल होने को रेखांकित करते हुए बताया कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक विभिन्न पदाधिकारी अपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए गए हैं। अब अगर कांग्रेसी यह सोचेंगे कि धरना आंदोलन कर दबाव बनाकर उनके खिलाफ कार्रवाई न की जाए तो यह संभव नहीं है। उन्होंने कहा विगत सरकार में पुलिस के अधिकारियों को भी ना छोड़ते हुए उनपर भी फर्जी प्रकरण बनाये गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित