भागलपुर, अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस की अड़चन और विरोध के बाद भी अयोध्या में राममंदिर का निर्माण हुआ और अब सीतामढ़ी में भी मां सीता का मंदिर बनेगा।

श्री यादव ने आज जिले के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिग गठबंधन (राजग) प्रत्याशी मिथुन कुमार के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बदलते समय में देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा कई काम किए गए और उनमें से एक महत्वपूर्ण काम अयोध्या में राम मंदिर बनवाना शामिल है,जो देशवासियों के लिए चिर लंबित सपना था। उन्होंने कहा कि इसके पहले मंदिर के लिए कई दंगे हुए, नाटक हुए। मंदिर नहीं बने, इसके लिए कांग्रेस ने क्या-क्या नहीं किया।

श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस के कड़े विरोध के बावजूद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृढ़ संकल्प की वजह से अयोध्या में राम मंदिर बना है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण के लिये कुछ नहीं किया तो सीतामढ़ी में माता सीता के मंदिर के लिये वह क्या करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को देश के सनातन भाईयों की भावनाओं से कोई मतलब नहीं है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आज बदल गया है।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में महाकाल का महालोक बना है।पहले वहां पर साठ लाख श्रद्धालु आते थे,अब साठ करोड़ श्रद्धालु आते हैं। इसी तरह सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बन रहा है।पूरे बिहार और देशवासियों को मां सीता का आशीर्वाद प्राप्त होगा।

श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश बदल रहा है। वहीं 2005 के बाद से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुवाई में बिहार में कई उल्लेखनीय काम हुये हैं। उन्होंने कहा कि भारत और बिहार के गौरवशाली अतीत को अक्षुण्ण रखने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार कई काम कर रही है। राजग सरकार मौजूदा समय में किसानों को सम्मान निधि दे रही है। पूर्व में कांग्रेस सरकार वह सम्मान दे सकती थी, लेकिन उसने नहीं दिया ।यह (सम्मान निधि) केवल पैसा नहीं है बल्कि देश के किसानों का सम्मान है।

श्री यादव ने कहा कि नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार, उपेन्द्र कुशवाहा, जीतनराम मांझी एवं चिराग पासवान हमारे (राजग) के साथ पांच पांडव की तरह हैं और सभी के सहयोग से बिहार सहित पूरा देश विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता जा रहा है।

इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव महाकाल के दरबार से आए हैं।वह एक कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में राजग की सरकार अवश्य बनेगी और इसके लिए गठबंधन के सभी कार्यकर्ता पूरे दमखम के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुये कहा कि महागठबंधन डूबता हुआ नाव है और बिहार की जनता उस नाव पर कभी सवार नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित