भोपाल , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के आज दतिया जिले में किसान सम्मेलन में शामिल होने के पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने किसानों के मुद्दे पर सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है।

श्री पटवारी ने सोशल मीडिया पर जारी किए बयान में ये आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान आज 'सम्मान' नहीं, सरकारी 'वादाखिलाफी' का शिकार है। चुनाव में 2,700 रुपए प्रति क्विंटल गेहूं और 3,100 रुपए प्रति क्विंटल धान का वादा किया था। आज किसान मंडियों में अपनी फसल औने-पौने दाम पर बेचने को मजबूर है। वो बोनस कहाँ है?उन्हाेंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार, मध्यप्रदेश में किसान आत्महत्या के मामले थम नहीं रहे हैं। किसान भारी कर्ज के नीचे दबा है, क्योंकि लागत दोगुनी हो गई और आय आधी। डीज़ल महंगा, खाद की किल्लत और बिजली के भारी-भरकम बिलों ने किसान की कमर तोड़ दी है।

श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में ओलावृष्टि और अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा आज भी फाइलों में अटका है। बीमा कंपनियां मालामाल हो रही हैं और किसान बदहाल। प्रदेश की पहचान 'अन्नदाता के सम्मान' से नहीं, बल्कि भाजपाराज में 'अन्नदाता के अपमान' से हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित