जयपुर , फरवरी 21 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को विधानसभा में कहा कि हमने विपक्ष की दो साल बनाम पांच साल की चुनौती स्वीकार करते हुए दो वर्षों का प्रतिवेदन सदन में रखा लेकिन विपक्ष के लोगों में सच्चाई सुनने की हिम्मत नहीं है, इसलिए वे मैदान छोड़कर भाग गए।
श्री शर्मा सदन में सरकार दो वर्ष प्रगति एवं उत्कर्ष 2024-25-2026 के प्रतिवेदन पर अपने भाषण में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने पांच वर्षों में कुछ नहीं किया। कांग्रेस एवं उनके काम दोनों जीरो हैं। दो साल बनाम पांच साल पर कांग्रेस के पास बोलने के लिए कुछ नहीं है। कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भी सदन में आते, बहस करते तो उनके पांच साल की सच्चाई जनता के सामने आ जाती।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने केवल भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के आधार पर कार्य किया है। यदि कांग्रेस काम करती तो पूरे देश से ऐसे नहीं सिमटती। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस में आपसी कलह है, इसलिए सदन में हंगामे का जाल बिछाया गया, ताकि नेता प्रतिपक्ष बोल ना सके। उन्होंने कहा कि देश में अशोक गहलोत ही केवल एक ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं, जिन्होंने अपने ही उपमुख्यमंत्री के बारे में अनर्गल बोला है। कांग्रेस अपने 5 सालों की बजाय पूरे 15 साल के काम भी ले आए, तो भी उनके पास बताने के लिए कुछ नहीं होगा। इन्होंने जनता को केवल ठगने का काम किया। है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जन कल्याण के कार्य कर रही है और देश की जनता को भरोसा है कि मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि इंडिया एआई इम्पेक्ट समिट में अंतर्राष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस के लोगों ने देश का अपमान किया है। कांग्रेस ने हमेशा सेना, चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं और देश को अपमानित करने का काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित