रांची , दिसंबर 28 -- झारखंड के जामताड़ा में मंत्री आवास परिसर में आज जामताड़ा कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और ऐतिहासिक माहौल के बीच मनाया गया।

कार्यक्रम में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नेताओं ने भाग लेकर कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधिवत ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम, झंडा ऊंचा रहे हमारा और राष्ट्रीय गान का सस्वर पाठ हुआ। कार्यकर्ताओं ने सत्य, अहिंसा और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों पर चलने, नफरत, अन्याय और तानाशाही के खिलाफ संघर्ष को और तेज करने तथा संविधान की रक्षा की शपथ ली।

कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व सांसद श्री फुरकान अंसारी ने कहा कि, "कांग्रेस केवल एक पार्टी नहीं, बल्कि एक विचारधारा और आंदोलन है, जिसने देश को आज़ादी दिलाई और लोकतंत्र को मजबूत किया। आज जब देश में लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला हो रहा है, तब कांग्रेस ही वह ताकत है जो संविधान, सामाजिक न्याय और आम जनता की आवाज़ की रक्षा कर रही है। हमें संगठित होकर राहुल गांधी जी के नेतृत्व में देश को नई दिशा देने के लिए तैयार रहना होगा।"सभा को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि, आज कांग्रेस देश की सबसे बड़ी जरूरत है। महंगाई चरम पर है, सार्वजनिक संस्थानों को केंद्र सरकार अपने चहेते पूंजीपतियों को बेचने में लगी है। युवाओं के रोजगार के अवसर खत्म किए जा रहे हैं और देश की नीतियां बड़े उद्योगपतियों के इशारे पर बनाई जा रही हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि "मोदी सरकार के नेतृत्व में देश की प्रमुख संस्थाएं अडानी के हवाले की जा रही हैं। महिलाएं, गरीब, किसान और बेरोजगार नौजवान त्रस्त हैं। भाजपा सरकार के खोखले दावों से जनता पूरी तरह ऊब चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित