कांकेर/सरगुजा , जनवरी 07 -- कांकेर और सरगुजा जिलों में बुधवार को हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं तथा एक बाइक सवार की मौत हो गई है।
कांकेर जिले की चारामा थाना क्षेत्र में सुबह दो दुर्घटनाएं हुईं। पहली घटना ग्राम चौड़ी स्थित पुल पर हुई, जहाँ एक बोलेरो और एक ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बोलेरो में सवार पखांजूर निवासी चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद संजीवनी वाहन समय पर नहीं पहुँच सका, जिसके बाद पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक सुरक्षित रहा।
इसी थाना क्षेत्र में दूसरी दुर्घटना नेशनल हाइवे 30 पर हुई, जहां एक बाइक सवार खड़ी ट्रक से टकरा गया। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे चारामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका इलाज जारी है।
इसी बीच सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर एक सड़क हादसा हुआ। महफिल ढाबा, चेन्द्रा के पास तेज रफ्तार एक ट्रक ने एक बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना रघुनाथपुर चौकी क्षेत्र की है। इन दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित