कांकेर , फरवरी 07 -- छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के इरादे से लगाए गए तीन शक्तिशाली विस्फोट उपकरण (आईईडी) निष्क्रिय कर दिया गया।
इन विस्फोट उपकरणों को कांकेर-नारायणपुर सीमावर्ती इलाके में बरामद किया गया था। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने इन्हें सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
पुलिस से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार, बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) महानिरीक्षक भानुप्रतापपुर विपुल मोहन बाला के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा और सेनानी 40वीं वाहिनी बीएसएफ कोयलीबेड़ा रणधीर सिंह गिल के निर्देशन में जिला रिजर्व समूह (डीआरजी) और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संयुक्त टीम ने शुक्रवार को ग्राम मुरूलनापा के जंगल-पहाड़ी इलाके में तलाश अभियान चलाया। इस दौरान नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए प्लांट किए गए दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक बीयर बोतल आईईडी बरामद किए गए। प्रत्येक प्रेशर कुकर आईईडी में लगभग पांच किलोग्राम विस्फोटक मिलने की आशंका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित