रायपुर पखांजूर , जनवरी 16 -- ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कांकेर जिले के पखांजूर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम के दौरान बस्तर अंचल के विकास के लिए 284 करोड़ रुपए के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के साथ ही बस्तर के विकास में और तेजी आएगी।
पखांजूर के नेताजी सुभाष स्टेडियम में मुख्यमंत्री ने परलकोट क्षेत्र के निवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सबसे प्रमुख घोषणा बंग समाज के 135 गांवों की प्राथमिक शालाओं में नए शिक्षा सत्र से बांग्ला भाषा में पढ़ाई शुरू करने की है। इसके साथ ही पखांजूर में फायर ब्रिगेड सेवा और सिविल अस्पताल में धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर खोलने की भी घोषणा की गई।
क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए संबलपुर से पखांजूर तक सड़क निर्माण और शहर के भीतर गौरवपथ बनाने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार आवास और महतारी वंदन जैसी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा रही है। अब तक 18 लाख स्वीकृत प्रधानमंत्री आवासों में से 8 लाख हितग्राही अपने घरों में प्रवेश कर चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित