सोलन , फरवरी 02 -- हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कसौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शानोगी गांव में रविवार देर शाम पति ने पत्नी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतका के पति चतर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शानोगी गांव के एक निवासी ने कुठार पुलिस को सूचना दी थी कि चतर सिंह ने पत्नी सुमन पर चाकू से हमला किया है और घटना के बाद खुद को कमरे में बंद कर लिया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां चतर सिंह की पत्नी सुमन कमरे में खून से लथपथ मृत अवस्था में पायी गयी। मृतका के गले और शरीर पर धारदार हथियार से किये गये गंभीर घाव पाये गये।
पुलिस ने बताया कि घटना के समय डक्कहना शमाटी गांव की निवासी पूजा भी मौके पर मौजूद थी। पूजा ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि 31 जनवरी की शाम उसके ससुर को शानोगी गांव के नरेन्द्र सिंह का फोन आया था, जिसमें बताया गया कि सुमन और उसके पति चतर सिंह के बीच झगड़ा हुआ है और इसी दौरान चतर सिंह ने सुमन पर चाकू से हमला कर दिया।
इसके बाद पूजा अपने परिवार के साथ शानोगी गांव पहुंची, जहां उसने अपनी भाभी सुमन को कमरे में मृत अवस्था में पाया। उसने बताया कि मृतका के गले पर धारदार हथियार के निशान थे और कमरे में खून फैला हुआ था। पूजा ने आशंका जतायी कि सुमन की हत्या उसके पति चतर सिंह ने ही की है।
इस बयान के आधार पर कसौली थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और शव की जांच की।
पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार, एक चाकू और एक जोड़ी कैंची बरामद की है। उप-मंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) परवाणू भीतुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेज दिया गया है। जांच के दौरान संदिग्धों और गवाहों से पूछताछ की गयी, जिसमें यह पुष्टि हुई कि सुमन की हत्या उसके पति ने की।
पुलिस ने आरोपी चतर सिंह (43), पुत्र पाल सिंह, निवासी शानोगी गांव, कसौली क्षेत्र, जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांचजारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित