श्रीनगर , मार्च 15 -- जम्मू-कश्मीर में बारामूला जिले के उरी सेक्टर में सुरक्षा बलों ने कल रात घुसपैठ की एक कोशिश को नाकाम कर दिया और इस ऑपरेशन के दौरान एक संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया।
कश्मीर क्षेत्र में इस वर्ष नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की यह पहली कोशिश थी, जिसे शनिवार की रात उरी सेक्टर के बुछार इलाके में जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिली एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर नाकाम कर दिया गया।
सेना की श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि 'डिग्गी 2 उरी' नाम का यह ऑपरेशन अभी भी जारी है।
सेना ने कहा, " पुलिस से घुसपैठ की कोशिश के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर शनिवार की रात उरी सेक्टर के बुछार इलाके में एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया गया। चौकस जवानों ने झाड़ियों में एक आतंकवादी की संदिग्ध हलचल देखी। घात लगाकर आतंकवादी को ललकारा गया, जिसके जवाब में उसने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक पाकिस्तानी आतंकवादी मारा गया। "सेना ने बताया कि मौके से एक राइफल, पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद सहित युद्ध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित