हैदराबाद , मार्च 30 -- तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के कविता ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को खुला पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने सरकारी आदेश 317 (जीओ 317) से प्रभावित कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए न्याय की मांग की है और उन्हें उनके पैतृक स्थानों पर स्थानांतरित करने के लिए एकमुश्त राहत उपाय करने का आग्रह किया है।
सुश्री कविता ने कहा कि जिलों के पुनर्गठन के बाद दिसंबर 2021 में जारी जीओ 317 के तहत वरिष्ठता के आधार पर कर्मचारियों और शिक्षकों को नये जिलों और क्षेत्रों में आवंटित किया गया था। हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय स्थिति पर अस्पष्टता के कारण हजारों लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने याद दिलाया कि रेवंत रेड्डी ने पीसीसी अध्यक्ष के रूप में पहले तत्कालीन सरकार के समक्ष यह मुद्दा उठाया था। उन्होंने कांग्रेस की इस बात के लिए आलोचना की कि सत्ता में आने के बाद उसने जीओ 317 की समीक्षा करने के अपने चुनावी वादे को पूरा नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि मंत्री दामोदर राजनरसिम्हा के नेतृत्व वाली कैबिनेट उप-समिति की रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं की गयी है।
सुश्री कविता ने आगे आरोप लगाया कि स्थानीय स्थिति के नियमों में बदलाव से स्थानीय युवाओं के साथ अन्याय हुआ है, विशेष रूप से उन छात्रों पर इसका बुरा असर पड़ा है, जिन्होंने राज्य के बाहर शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने स्थानीय स्थिति निर्धारित करने के पुराने मानदंडों को बहाल करने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित