कवर्धा , अक्टूबर 09 -- छत्तीसगढ़ के कवर्धा शहर में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी का वीडियो सामने आया है। वीडियो में भाजयुमो कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ा कर मारते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा के कवर्धा आगमन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया था। विरोध से नाराज़ भाजयुमो कार्यकर्ता अचानक आक्रोशित हो गए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दोनों पक्षों में झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मारपीट की घटना के बाद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंच गए और आरोपित भाजयुमो कार्यकर्ताओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद शहर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है, वहीं भारतीय जनता पार्टी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित