कवर्धा , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ में कबीरधाम जिले के ग्राम दशरंगपुर में शनिवार को पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट एक युवक के मोबाइल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ा युवक मनीष चंद्राकर है, जिसके खिलाफ दशरंगपुर चौकी में एक मामला दर्ज है। उस पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक के घर में घुसकर मारपीट की थी। इस मामले में उसके दो अन्य साथियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
घटना का संबंध ग्राम खंडसरा से बताया जा रहा है, जहां होली के दिन कोटवार के घर में घुसकर उसके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। इस हमले में कोटवार का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में मनीष चंद्राकर को भी आरोपी बनाया है।
फिलहाल मौके पर मौजूद पुलिस और प्रशासन की टीम युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रही है। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित