रायपुर , फरवरी 03 -- छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कबीरधाम जिले के कवर्धा में कांग्रेस ने भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। हजारों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया और सरकार पर गरीब-विरोधी रवैया, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं के आरोप लगाए।

श्री बैज ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर करके गरीबों, किसानों और मजदूरों पर हमला किया है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 11 हजार से अधिक पंचायतों में मनरेगा का काम ठप पड़ा है। सरकार पर किसानों से धान खरीद न करने और लगभग तीन लाख किसानों को धान बेचने से वंचित रखने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि कवर्धा में हत्या, लूट और बलात्कार जैसे मामले बढ़ रहे हैं, जबकि यह गृह मंत्री विजय शर्मा का गृह जिला है। उन्होंने लोहारीडीह और लालपुर समेत कुछ मौतों के मामलों में पीड़ित परिवारों को पूरा न्याय न मिलने का भी विरोध जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित