पटना , मार्च 06 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार शनिवार को जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
मुख्यमंत्री श्री कुमार के राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के एक दिन बाद जदयू ने आज घोषणा की कि निशांत कुमार 07 मार्च को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के साथ ही अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत करेंगे।
यह निर्णय मुख्यमंत्री श्री कुमार के सरकारी आवास पर आयोजित पार्टी के विधायकों, विधान पार्षदों, सांसदों और मंत्रियों की बैठक में लिया गया। इस दौरान सभी नेताओं ने श्री कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले पर अपनी निराशा और पीड़ा व्यक्त की।
जदयू के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि सभी नेताओं ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के फैसले पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के लिए श्री कुमार के इस फैसले को स्वीकार करना कठिन है, और बिहार की जनता की भी यही भावना है।
जदयू प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ने मुख्यमंत्री श्री कुमार से जोरदार मांग की कि वे निशांत को जदयू में शामिल होने की अनुमति दें, जिससे वह अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर सकें।
नीरज कुमार ने कहा कि बैठक में मौजूद सभी नेताओं ने श्री सिंह और श्री झा की इस मांग का सर्वसम्मति से समर्थन किया।
मुख्यमंत्री श्री कुमार ने नेताओं की सामूहिक मांग को स्वीकार करते हुए निशांत को जदयू की सदस्यता लेने की अनुमति दे दी। उन्होंने बैठक में मौजूद सभी नेताओं को यह भी आश्वासन दिया कि वह बिहार के लिए उपलब्ध होंगे और राज्य की जनता के व्यापक हित में नई सरकार को सलाह देते रहेंगे।
जदयू प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री की सहमति के बाद यह तय किया गया कि निशांत कल पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने निशांत के पार्टी में शामिल होने को मास्टरस्ट्रोक बताया।
गौरतलब है कि पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत को राजनीति में ले आने की मांग कर रहे थे, लेकिन उनके पिता और मुख्यमंत्री श्री कुमार इसके लिए तैयार नहीं थे। अब जब निशांत के राजनीति में आने की पुष्टि हो गई है, तो पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता उत्साहित नजर आ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित