गोरखपुर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस-2024) परीक्षा में कलेक्ट्रेट के कर्मचारी रहे विकास कुमार राव ने 168वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर (सेल टैक्स) पद पर चयनित होकर अपने परिवार और कलेक्ट्रेट का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही कलेक्ट्रेट कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मनाया। 27 वर्षीय विकास कुमार राव मूल रूप से बस्ती जिले के रुधौली कस्बे के निवासी हैं। उनके पिता स्वर्गीय राजेश राव कलेक्ट्रेट में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वर्ष 2016 में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। उसी वर्ष उन्होंने मृतक आश्रित के रूप में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर नौकरी शुरू की।
नौकरी के साथ ही उन्होंने अपनी लगन और कार्यक्षमता से अलग पहचान बनाई। बाद में विभागीय परीक्षा उत्तीर्ण कर वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर मुख्य राजस्व अधिकारी कार्यालय में अल्महद के पद पर तैनात हुए। बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विकास ने जुलाई 2024 में नौकरी से त्यागपत्र देकर दिल्ली में पीसीएस की तैयारी शुरू की। उनकी कड़ी मेहनत रंग लाई और उन्होंने पहले ही प्रयास में 168वीं रैंक हासिल कर असिस्टेंट कमिश्नर (सेल टैक्स) का पद प्राप्त किया।
विकास पढ़ाई के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट रहे हैं। वर्ष 2019 में ताइक्वांडो में मलेशिया में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कलेक्ट्रेट के अधिकारियों, सहकर्मियों और परिवार को दिया है। उनकी इस उपलब्धि को कठिन परिस्थितियों में संघर्ष और दृढ़ संकल्प का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित