राजनांदगांव, 14 जनवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत नियमों के पालन को लेकर एक सख्त और अनुकरणीय पहल की है। जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर आज सुबह कलेक्टोरेट परिसर के मुख्य द्वार पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा औचक जांच की गई, जिसमें बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के कार्यालय पहुंचे अधिकारी एवं कर्मचारियों पर चालानी कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान लगभग 10 से 15 अधिकारी-कर्मचारी यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। ट्रैफिक पुलिस ने सभी पर बिना किसी रियायत के 500-500 रुपये का चालान किया। जांच के दौरान कई कर्मचारियों ने जल्दबाजी या भूलवश नियमों के उल्लंघन की बात कही, लेकिन स्पष्ट निर्देशों के चलते किसी को भी छूट नहीं दी गई।
जिला कलेक्टर जितेंद्र यादव ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया कि कानून सभी के लिए समान है और नियमों के पालन की शुरुआत प्रशासनिक कार्यालयों से ही होनी चाहिए। उनका कहना है कि यदि प्रशासन स्वयं नियमों का पालन करेगा, तभी आम नागरिकों में भी इसके प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी का भाव उत्पन्न होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित