भोपाल , अक्टूबर 07 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज आयोजित हो रही कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अधिकारियों को लेकर एक विवादित बयान दिया है।
श्री पटवारी ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि प्रशासनिक अधिकारियोंं को शासन व्यवस्था चलाने के लिए एक सर्विस बुक दी जाती है। उन्हें उसके हिसाब से शासन चलाना होता है।
उन्होंने कहा कि देखने में आ रहा है कि बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जो जिलों में जाते हैं, वे भारतीय जनता पार्टी और सरकार का 'बाजा' बजा रहे हैं। ये प्रशासनिक अधिकारी विपक्ष पर यातनाएं करते हैं। कांफ्रेंस में ये मुद्दा आना चाहिए कि कुर्सी आम आदमी के लिए होती है, पार्टी या विचार के लिए नहीं। इसके साथ ही उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक आापत्तिजनक बयान दिया।
साथ ही उन्होंने बिना किसी का नाम लिए चेतावनी भरे लहजे में कहा, ''आप सबको सुधरना पड़ेगा। सर्विस रूल बुक को मानना पड़ेगा। समय एक जैसा नहीं चलता है।''राजधानी में आज कलेक्टर-कमिश्नर कांफ्रेंस हो रही है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किया है। इस कांफ्रेंस में मुख्य सचिव अनुराग जैन समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित