अंबिकापुर , मार्च 12 -- उत्तराखंड में अंबिकापुर जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल के साथ लुण्ड्रा विकासखण्ड का दौरा किया।
इस दौरान उन्होंने पीवीटीजी पहाड़ी कोरवा बसाहट जटासेमर, विभिन्न विद्यालयों, आश्रम-छात्रावासों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं निर्माणाधीन सड़कों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिला पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार,कलेक्टर वसंत सबसे पहले रवई पंचायत के पहाड़ी कोरवा बसाहट जटासेमर पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, आवास, राशन एवं पेंशन जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने पेंशन एवं महतारी वंदन योजना की राशि न मिलने की समस्या से अवगत कराया। इस पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ एवं महिला एवं बाल विकास अधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पेयजल समस्या के समाधान के लिए पीएचई विभाग के अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने ग्रामीणों को पीएम जनमन योजना की जानकारी देते हुए योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बसाहट में आधार कार्ड एवं वोटर आईडी निर्माण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने डूमरडीह पंचायत स्थित पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति आवासीय आश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने शयनकक्ष, रसोई, भंडारगृह एवं शौचालयों का बारीकी से अवलोकन किया। छात्रावास में पंखों की मरम्मत तथा शौचालय एवं स्नानागार में दरवाजे लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली और कक्षा पांचवीं उत्तीर्ण पीवीटीजी छात्रों को प्री-मैट्रिक छात्रावासों में प्राथमिकता से प्रवेश दिलाने को कहा।
इसके पश्चात कलेक्टर ने हाई स्कूल डूमरडीह एवं प्राथमिक शाला रवई का निरीक्षण किया। डूमरडीह में उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ने की आदत डालने पर जोर दिया। रवई में उन्होंने स्कूल के लिए नए भवन की स्वीकृति के निर्देश दिए तथा धौरपुर आश्रम में संबद्ध शिक्षकों को तत्काल वापस बुलाने को कहा। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डूमरडीह का भी निरीक्षण कर वहां चिकित्सा सुविधाओं, संसाधनों एवं उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने एचआरपी मरीजों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अंत में कलेक्टर ने सपड़ा पंचायत में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया और अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम लुण्ड्रा जे.आर. शतरंज एवं जनपद पंचायत सीईओ प्रीति भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित