हैदराबाद , अक्टूबर 24 -- तेलंगाना में जोगुलम्बा गडवाल के जिला कलेक्टर बी एम संतोष और पुलिस अधीक्षक टी श्रीनिवास राव ने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के निर्देश पर शुक्रवार को आंध्र प्रदेश में कुरनूल जिले के कल्लूर मंडल के चिन्नाटेकुर में हुई निजी ट्रैवल बस दुर्घटना स्थल का दौरा किया।

कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने व्यक्तिगत रूप से दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया और त्वरित राहत अभियान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ स्थिति पर चर्चा की। जोगुलम्बा गडवाल जिला प्रशासन पीड़ितों और उनके परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए अपने कुरनूल समकक्ष के साथ मिलकर काम कर रहा है।

तेलंगाना सरकार के निर्देशों के बाद दुर्घटना से प्रभावित यात्रियों के परिवारों की सहायता के लिए एक विशेष हेल्पलाइन स्थापित की गई है। हेल्पलाइन संपर्क: रामचंद्र, सहायक सचिव: 9912919545, चित्तीबाबू, अनुभाग अधिकारी: 9440854433 है। इसके अलावा वास्तविक समय की जानकारी साझा करने और सहायता प्रदान करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। नियंत्रण कक्ष का नंबर गडवाल पुलिस कार्यालय: 8712661828, गडवाल कलेक्ट्रेट: 9502271122, कलेक्ट्रेट सहायता केंद्र: 9100901599, 9100901598, कुरनूल राजकीय सामान्य अस्पताल नियंत्रण कक्ष का नंबर: 9100901604 है।

जिला अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस कठिन समय में घायलों और शोक संतप्त परिवारों की सहायता के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में हुयी बस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की और राज्य के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आंध्र प्रदेश के अपने समकक्षों के साथ समन्वय स्थापित करें ताकि सभी आवश्यक राहत उपाय शीघ्रता से किए जा सकें। उन्होंने घटना के संबंध में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक के साथ चर्चा की और उन्हें पीड़ितों के परिवारों की सहायता के लिए एक विशेष हेल्पलाइन स्थापित करने के निर्देश दिए।

गौरतलब है कि कुरनूल जिले के कल्लूरुमंडल के चिन्नातेकुर गाँव में आज तड़के एक निजी यात्री बस में आग लग जाने से उसमें सवार 20 यात्रियों की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि बस में 41 यात्री सवार थे। बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। बताया जाता है कि बस ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे बस का तेल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 यात्री ज़िंदा जल गए और 11 शवों की पहचान हो गई है। ज़्यादातर शव इतने जल गए थे कि उनकी पहचान करना मुश्किल था, हालांकि 19 यात्री सुरक्षित बच गए। मृतकों में बाइक सवार भी शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित