कोलकाता , मार्च 20 -- उच्चतम न्यायालय के आदेश को लागू करने के क्रम में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण ' (एसआईआर) से जुड़ी अपीलों की देखरेख के लिए 19 न्यायाधिकरण गठित किये हैं।
शुक्रवार रात जारी एक अधिसूचना के अनुसार, ये न्यायाधिकरण राज्य के सभी 23 जिलों को कवर करेंगे और इनका उद्देश्य संशोधन प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की शिकायतों के समाधान के लिए एक व्यवस्थित तंत्र उपलब्ध कराना है। निर्वाचन आयोग की अधिसूचना में कहा गया है, "इन न्यायाधिकरणों की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के 19 सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगे।" निर्वाचन आयोग ने इन मामलों की सुनवाई के लिए पूर्व मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवज्ञानम, और पूर्व न्यायाधीशों विश्वजीत बसु, रंजीत कुमार बाग, समाप्ती चट्टोपाध्याय, तथा अन्य को नियुक्त किया है। ये न्यायाधिकरण उन मतदाताओं की अपीलों की सुनवाई करेंगे जिनके नाम मतदाता सूचियों से या तो हटा दिए गए हैं या काट दिए गये हैं।
पूरक मतदाता सूचियों के प्रकाशन के बाद अपील दायर की जा सकती है। आयोग ने अपील दायर करने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके उपलब्ध कराए हैं। मतदाता ईसीआईनेट मोबाइल एप्लिकेशन या आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जबकि ऑफलाइन आवेदन जिला मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट या उप-विभागीय अधिकारियों के पास जमा किए जा सकते हैं। इन न्यायाधिकरणों को तत्काल कार्य शुरू करने का अधिकार दिया गया है और ये तब तक कार्यरत रहेंगे जब तक सभी अपीलों का निपटारा नहीं हो जाता। अधिसूचना के अनुसार, पूर्व मुख्य न्यायाधीश टी.एस. शिवज्ञानम कोलकाता से संबंधित अपीलों की सुनवाई करेंगे, जबकि पूर्व न्यायाधीश प्रदीप्त राय उत्तर 24 परगना का कार्यभार संभालेंगे।
पूर्व न्यायाधीश तपेन सेन को पूर्वी मेदिनीपुर का दायित्व सौंपा गया है। पूर्व न्यायाधीश प्रणब कुमार देब कूचबिहार की देखरेख करेंगे और पूर्व न्यायाधीश रघुनाथ राय नदिया से संबंधित मामलों की सुनवाई करेंगे। हावड़ा में, अपीलों की सुनवाई पूर्व न्यायाधीश अशोक कुमार दशाधिकारी द्वारा की जाएगी। पूर्व न्यायाधीश दीपक साहा राय को दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार का दायित्व सौंपा गया है, जबकि पूर्व न्यायाधीश अनिंदिता राय सरस्वती पश्चिमी मेदिनीपुर और झारग्राम का कार्यभार संभालेंगी। दक्षिण दिनाजपुर में, अपीलों की सुनवाई पूर्व न्यायाधीश तौफीक उद्दीन द्वारा की जाएगी, और मुर्शिदाबाद में यह कार्य पूर्व न्यायाधीश इंद्रजीत चट्टोपाध्याय संभालेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित