देहरादून , फरवरी 14 -- उत्तराखंड पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षाओं में नकल कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर इसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ ने उत्तर प्रदेश की एसटीएफ के सहयोग से देश के विभिन्न राज्यों में कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कराई जा रही मल्टी टास्किंग स्टाफ और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं कस्टम बोर्ड (सीबीआईसी) में हवलदार पद की भर्ती परीक्षा-2025 में आधुनिक तकनीकी के माध्यम से देहरादून में नकल कराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार युवकों में एक उत्तर प्रदेश के देवरिया और दूसरा उत्तराखंड के देहरादून का ही रहने वाला है।

शनिवार को एसटीएफ के महानिरीक्षक (आइजी) डॉ0 नीलेश आनन्द भरणे और निवर्तमान एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने संयुक्त रूप से संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा मल्टी टॉस्किंग भर्ती परीक्षा-2025 की परीक्षा विभिन्न राज्यों के साथ ही उत्तराखण्ड के विभिन्न परीक्षा केन्द्रो में आयोजित की जा रही है। इस दौरान एसटीएफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड को उक्त परीक्षा में कुछ लोगों द्वारा गिरोह बनाकर अभ्यर्थियों को धोखा देने की नीयत से उन्हें परीक्षा में पास करने का प्रलोभन देकर मोटी धनराशि की मांग किये जाने तथा एक परीक्षा केन्द्र मे नकल कराये जाने की जानकारी प्राप्त हुयी।

डा भरणे ने बताया कि प्राप्त जानकारी पर एसटीएफ देहरादून के पुलिस उपाधीक्षक आरबी चमोला के पर्यवेक्षण में दोनों राज्यों की टीम द्वारा शुक्रवार को परीक्षा केन्द्र महादेव डिजिटल जोन, एम.के.पी इण्टर कालेज देहरादून में दबिश दी गयी तो परीक्षा लैब के पास बने यूपीएस कक्ष में एक कोने पर एक अण्डर ग्राउण्ट चेम्बर (गड्ढा) 24x24 इंच का बनाकर उसमें 02 लेपटॉप मय राउटर के स्वचालित अवस्था में मिले, जिनको रिमोटली चलाया जा रहा था। उन्होंने बताया कि उक्त दोनों लैपटाप के माध्यम से परीक्षा में प्रश्न पत्रों को हल करने में मदद की जा रही थी।

एसटीएफ एसएसपी श्री भुल्लर ने बताया कि टीम द्वारा तकनीकी व फॉरेन्सिंक उपकरणों का प्रयोग करते हुए उक्त सिस्टम में कब्जे में लेकर सील किया गया है। उन्होंने बताया कि इस अवैध गतिविधि में शामिल 02 व्यक्ति नीतिश कुमार पुत्र चन्द्रभान गौड़, निवासी भाटपार रानी, जनपद देवरिया, उ.प्र. हाल निवासी नागलोई दिल्ली तथा भास्कर नैथानी पुत्र दिनेश चन्द्र नैथानी, निवासी नथुवावाला, देहरादून को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया अभियुक्तों के विरूद्ध कोतवाली देहरादून पर विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत कराया गया। जिसकी विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक रैंक के पुलिस अधिकारी द्वारा की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित