बेंगलुरु , जनवरी 12 -- देवदत्त पड़िक्कल (नाबाद 81) और करुण नायर (नाबाद 74) रनों की शानदार पारियों के दम पर कर्नाटक ने सोमवार को वर्षा प्रभावित पहले क्वार्टर फाइनल में मुम्बई को वीजेडी पद्धति से 54 रनों से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली हैं।
255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कर्नाटक कप्तान मयंक अग्रवाल और देवदत्त पड़िक्कल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 44 रन जोड़े। 10वें ओवर में मोहित अवस्थी ने मयंक अग्रवाल (12) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये करुण नायर ने देवदत्त पड़िक्कल के साथ पारी को संभाला और तेजी के साथ रन बटोरे। 33 ओवर के बाद बारिश होने के कारण आगे खेले नहीं हो पाया। उस समय तक कर्नाटक ने एक विकेट पर 187 रन बना लिये थे। देवदत्त पड़िक्कल (नाबाद 81) और करुण नायर (नाबाद 74) क्रीज पर मौजूद थे। देवदत्त पड़िक्कल और करुण नायर ने अपनी-अपनी पारियों में 11-11 चौके लगाये। बारिश के कारण कर्नाटक को मुम्बई पर वीजेडी पद्धति से 54 रनों से जीत मिली।
आज यहां इससे पहले शम्स मुलानी (86) और कप्तान सिद्धेश लाड (38) की जूझारू पारियों के दम पर मुम्बई ने कर्नाटक को जीत के लिए 255 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां कर्नाटक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी मुम्बई की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 60 के स्कोर तक नियमित अंतराल पर चार विकेट गंवा दिये। इशान मुलचंदानी (20), मुशीर खान (नौ) को विद्याधर पाटिल ने आउट किया। अंगकृष रघुवंशी (27) और हार्दिक तामोरे (एक) रन बनाकर आउट हुये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित