तुमकुरु , मार्च 21 -- कर्नाटक में समाज कल्याण विभाग के एक अधिकारी के अपनी सेवानिवृति से कुछ दिन पहले तुमकुरु जिले में अपने कार्यालय में आत्महत्या कर लिए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक की पहचान मल्लिकार्जुन के तौर पर हुई है, जो सहायक निदेशक के पद पर कार्यरत थे और पावगड़ा शहर के पास गुंडरलाहल्ली गांव के रहने वाले थे। पुलिस ने बताया कि वह करीब तीन साल से इस पद पर थे और एक हफ्ते में सेवानिवृत होने वाले थे। यह घटना कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर के जिले में हुई।
अधिकारियों के मुताबिक मल्लिकार्जुन ने यह कदम उठाने से पहले एक वीडियो मैसेज रिकॉर्ड किया और पावगड़ा में अपने कार्यालय में अपने साथियों के साथ साझा किया। उन्होंने वीडियो में कथित तौर पर एक वरिष्ठ अधिकारी संयुक्त निदेशक कृष्णप्पा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग के बावजूद वह कथित दबाव के कारण काम नहीं कर पा रहे थे।
उन्होंने वीडियो में कहा, "मेरी मां, पत्नी और बच्चों ने मेरा बहुत ख्याल रखा है और मुझे गर्व महसूस कराया है। मुझे उनका साथ देना चाहिए था, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर पा रहा हूं। मैं उनके लिए और कुछ करना चाहता था, लेकिन मैं नहीं कर सकता। उत्पीड़न की वजह से मैंने यह फैसला लिया है," साथ ही उन्होंने अपने परिवार से बदला न लेने की भी अपील की। "पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि मल्लिकार्जुन को इसी विभाग में कार्यरत अपने पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित