बेंगलुरु , जनवरी 02 -- कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बल्लारी में फायरिंग की साजिश रची और इसका सीधा निशाना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भाजपा नेता जनार्दन रेड्डी थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि हमले का मकसद भाजपा के प्रमुख नेताओं को खत्म करना था।
श्री अशोक ने कहा कि बंदूकधारियों के कांग्रेस से जुड़े होने के सबूतों के बावजूद पुलिस ने जनार्दन रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज किया। उन्होंने जोर दिया कि इस हमले में दो कांग्रेस विधायकों से जुड़े बंदूकधारी शामिल थे और यह राजनीतिक मकसद से किया गया था। उन्होंने कहा, "यह साबित हो गया है कि फायरिंग कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की थी। फिर भी मामला जनार्दन रेड्डी के खिलाफ दर्ज किया गया है। हम निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। ऐसा नहीं होने पर पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन होंगे।"विपक्ष के नेता अशोक ने कहा कि घटना से संबंधित सभी जानकारी पहले ही मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और पुलिस विभाग तक पहुंच चुकी है। पूर्व गृह मंत्री के तौर पर अपने अनुभव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि ऐसे मामलों को कैसे संभाला जाता है। उन्होंने कांग्रेस पर भाजपा नेताओं पर दोषारोपन कर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित