धारवाड़ , अप्रैल 11 -- कर्नाटक के धारवाड़ जिले में अज्ञात हमलावरों ने 28 वर्षीय युवा कांग्रेस नेता की उनके आवास पर बेरहमी से हत्या कर दी।
पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान महबूब नगर निवासी फिरोज खान पठान के रूप में हुई है, जो धारवाड़ उपनगरीय पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है। यह घटना शुक्रवार देर रात की है, जब कम से कम चार हमलावर कथित तौर पर फिरोज के घर में घुस आए और उन पर घातक हथियारों से हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हमले के वक्त परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे।
हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा, "पीडि़त पर उनके आवास पर चार से पांच लोगों के समूह ने हमला किया था और चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई। अपराध करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गये।" उन्होंने आगे कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज में घटना कैद हो गई है और जांच के हिस्से के रूप में उसका परीक्षण किया जा रहा है। शव को परीक्षण के लिए हुबली के किम्स अस्पताल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित