बागलकोट , मई 01 -- कर्नाटक के बागलकोट में शुक्रवार को एक परिवार को कथित सामाजिक बहिष्कार किये जाने और परेशान करने का करने वाला मामला सामने आया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्नाटक के बागलकोट जिले की जमखंडी तालुका के हुनासीकट्टी गांव के सात परिवारों ने अधिकारियों से संपर्क किया है। इन परिवारों का कथित तौर पर इसलिए सामाजिक बहिष्कार किया गया क्योंकि उन्होंने गांव के एक मेले के लिए 600 रुपये का चंदा देने से मना कर दिया था।

शिकायत के अनुसार, यह घटना दो अप्रैल की है, जब गांव में भगवान हनुमान को समर्पित 'ओकुली मेला' आयोजित किया गया था और स्थानीय घरों से चंदा इकट्ठा किया जा रहा था। बताया जाता है कि सात परिवारों ने तय की गयी 600 रुपये की राशि देने से मना कर दिया था। इसके बाद गांव के लोगों ने कथित तौर पर पांच अप्रैल को एक 'डांगुरा' (सार्वजनिक घोषणा) जारी किया, जिसमें यह ऐलान किया गया कि इन परिवारों को गांव के समुदाय के भीतर होने वाले धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से बाहर कर दिया गया है।

शिकायतकर्ताओं ने आगे आरोप लगाया है कि इस बहिष्कार के कारण उन पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गईं। इनमें पुजारियों का उनके घर न आना, घरेलू समारोहों में शामिल होने से रोकना और स्थानीय दुकानों द्वारा ज़रूरी सामान देने से मना करना शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित