दावणगेरे , मार्च 25 -- कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सादिक पहलवान दावणगेरे दक्षिण उपचुनाव में बागी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर आए हैं और अपनी ही पार्टी और प्रभावशाली शमनूर परिवार के खिलाफ सीधी टक्कर का माहौल बना दिया है।

श्री पहलवान (72) ने कांग्रेस में चार दशकों से अधिक समय बिताया है और उन्हें शमनूर शिवशंकरप्पा का करीबी माना जाता था। उन्होंने पार्टी द्वारा शमनूर के पोते समर्थ को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है। उनके इस कदम से निर्वाचन क्षेत्र में राजनीतिक हलचल मच गई है, जहाँ पार्टी के भीतर गतिविधियाँ तेज हो गई हैं और आंतरिक असंतोष भी उभरकर सामने आ रहा है।

श्री पहलवान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष होने के साथ-साथ स्थानीय मुस्लिम समुदाय की एक प्रमुख हस्ती हैं और ज़मीनी पकड़ और सांगठनिक अनुभव के लिए जाने जाते हैं। चुनाव मैदान में उनके उतरने को एक ऐसे निर्वाचन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कारक के रूप में देखा जा रहा है, जहाँ अल्पसंख्यक मतदाताओं की संख्या काफी अधिक है। इस बगावत के चलते मुस्लिम समुदाय के कई सदस्यों ने भी नामांकन दाखिल किये हैं, जो टिकट वितरण को लेकर व्याप्त असंतोष का संकेत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित