बेंगलुरु , मार्च 26 -- कर्नाटक के कृषि मंत्री चालुवरयास्वामी ने युद्ध जैसी स्थिति के कारण रासायनिक उर्वरकों की संभावित कमी को लेकर उठ रही चिंताओं कर निराकरण करते हुए कहा है कि राज्य में उर्वरकों की कोई कमी नहीं है।
गुरुवार को विधान सौध में कृषि मंत्री ने पश्चिम एशिया संकट पर प्रधानमंत्री की टिप्पणियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही आवश्यक एहतियाती उपाय कर लिए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार किसानों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह से तैयार है और यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए गये हैं कि रासायनिक उर्वरकों की कोई कमी न हो।
इस दौरान, श्री चालुवरयास्वामी ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करने की सलाह दी और इस बात पर बल दिया कि मिट्टी की उर्वरता एवं स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए जैविक खेती के तरीकों को अपनाना महत्वपूर्ण है।
उन्होंने यह भी कहा कि मानसून के मौसम में उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राजनीतिक मामलों पर श्री चालुवरयास्वामी ने कहा कि सीएलपी की बैठक में चुनाव संबंधी जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित