मुंबई , फरवरी 08 -- केएल राहुल (नाबाद 60 ) और कप्तान देवदत्त पड़िक्कल (39) के शानदार बल्लेबाजी प्रदर्शन की बदौलत कर्नाटक ने मुंबई के खिलाफ रणजी ट्रॉफी के चौथे क्वार्टर फाइनल के तीसरे दिन रविवार को स्टंप्स के समय दो विकेट पर 113 रन बना लिये है और उसे अभी जीत के लिए 212 रनों की जरुरत हैं।
आज यहां मुंबई ने कल के दो विकेट पर 189 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में मुंबई का तीसरा विकेट मुशीर खान (49) के रूप में गिरा। इसके बाद विधवत कावेरप्पा ने आकाश आनंद को भी आउट कर पवेलियन भेज दिया। आकाश आनंद ने 169 गेंदों में छह चौके लगाते हुए 70 रन बनाये। सिद्धेश लाड (25), सूर्यांश शेडगे (25), शम्स मुलानी (नौ), कप्तान शार्दुल ठाकुर (एक) रन बनाकर आउट हुये।
इसके बाद तनुष कोटियान और तुषार देशपांडे की जोड़ी ने क्रीज पर पैर जमा लिये और दोनों बल्लेबाजों के बीच नौवें विकेट के लिए 89 रनों की साझेदारी हुई। 98वें ओवर में विधवत कावेरप्पा तुषार देशपांडे को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। तुषार देशपांडे ने 40 गेंदों में सात चौके और दो छक्के लगाते हुए 47 रन बनाये। अगले ही ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने मोहित अवस्थी (शून्य) को आउट कर 98.3 ओवर में 377 के स्कोर पर मुम्बई की दूसरी पारी का अंत कर दिया। तनुष कोटियान 48 रन बनाकर नाबाद रहे।
कर्नाटक के लिए शेखर शेट्टी ने तीन विकेट, विद्याधर पाटिल और विधवत कावेरप्पा ने दो-दो विकेट लिये। प्रसिद्ध कृष्णा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित