बेंगलुरु , अप्रैल 10 -- कर्नाटक में शिवमोगा जिले की होसानगारा तालुका के हुलिकल घाट में एक मोड़ पर सड़क बैरियर निर्माण के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से तीन श्रमिकों की शुक्रवार को मौत हो गयी।

दुर्घटना के समय श्रमिक सड़क बैरियर के लिए खुदाई का काम कर रहे थे, तभी अचानक ढीली मिट्टी का एक हिस्सा ढह गया और वे मलबे के नीचे दब गए।

स्थानीय श्रमिकों और आपातकालीन टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तीनों पीड़ितों को मौके पर ही मौत हो गयी। इस दुर्घटना ने एक बार फिर घाटों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों में सुरक्षा नियमों को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जहां मिट्टी की अस्थिर स्थिति आम बात है, खासकर जब वहां निर्माण कार्य चल रहा हो।

शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि यह इलाका खड़ी ढलानों और कमज़ोर किनारों के लिए जाना जाता है और यहां ज़मीन की कटाई और बैरिकेड बनाने के काम के दौरान ज़्यादा सावधानी बरतने की ज़रूरत होती है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह जान-माल के नुकसान से "बहुत दुखी" हैं। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित