तुमकुरु , मार्च 23 -- कर्नाटक के कन्नड़ एवं संस्कृति मंत्री शिवराज तंगड़गी को रविवार देर शाम सीने में दर्द की शिकायत के बाद तुमकुरु के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि उनकी स्थिति पूरी तरह स्थिर है और यह समस्या हृदय से संबंधित नहीं है।

मंत्री का इलाज करने वाले डॉक्टर डॉ. शरत कुमार ने बताया कि श्री तंगड़गी को जो दर्द हुआ वह मांसपेशियों से जुड़ा था, न कि दिल से। उन्होंने कहा, "यह कार्डियक पेन नहीं है, चिंता की कोई बात नहीं है। मंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं।"खुद श्री तंगड़गी ने भी कहा कि अब वे पूरी तरह सहज महसूस कर रहे हैं और किसी प्रकार की समस्या नहीं है। उन्होंने बताया कि बेंगलुरु जाते समय उन्हें सीने में दर्द हुआ, जिसके बाद एहतियातन शिरा के पास एक अस्पताल में जांच कराई गई।

मंत्री ने कहा, " ईसीजी, ईको समेत सभी जांचें पूरी हो चुकी हैं। सब कुछ सामान्य है। मैं ठीक हूं और कल के सत्र में भाग लूंगा।"मंत्री के अस्पताल जाने की खबर से समर्थकों में थोड़ी चिंता जरूर हुई, लेकिन डॉक्टरों और स्वयं मंत्री के बयान के बाद स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित