बेंगलुरु , जनवरी 29 -- कर्नाटक के मंत्री डॉ. शरण प्रकाश पाटिल ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत वाले विमान हादसे की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच होनी चाहिये।
डॉ. पाटिल ने कहा, "केंद्र सरकार इन मामलों पर ठीक से नज़र नहीं रख रही है। बार-बार ऐसी घटनाओं से लोगों के मन में शक पैदा होता है। इसलिए ममता बनर्जी और कई नेताओं ने उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की है। यह निश्चित रूप से किया जाना चाहिए, क्योंकि जब तक हम यह पता नहीं लगाएंगे कि ऐसा क्यों हुआ, तब तक हम इस समस्या का समाधान नहीं कर पाएंगे।" ये टिप्पणियां पवार की मौत के बाद उठे राजनीतिक तूफान के बीच आयी हैं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दूसरी एजेंसियां "पूरी तरह से मिलीभगत" कर रही हैं। उन्होंने श्री पवार की मृत्यु के पीछे संभावित राजनीतिक मकसद को लेकर चिंता जताई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित