बेंगलुरु , नवंबर 04 -- कर्नाटक में बागलकोट के विधायक एवं पूर्व मंत्री एचवाई मेती का मंगलवार को यहां निधन हो गया।
वह 80 वर्ष के थे। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे श्री मेती को हाल ही में सांस लेने में तकलीफ के कारण बेंगलुरु के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था , आज पूर्वाह्न 11:45 बजे उन्होंने अंतिम सांसे लीश्री मेती 2023 के चुनावों में बागलकोट निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार वीरन्ना चरणंतिमठ को हराकर विधानसभा के लिए चुने गए थे। वह 2018 का पिछला चुनाव हार गए थे। वह 2013 -2016 में सिद्दारमैया सरकार में आबकारी मंत्री रहे , लेकिन एक सेक्स स्कैंडल में कथित संलिप्तता के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
श्री मेती का पार्थिव शरीर आज रात लगभग आठ बजे बागलकोट लाया जायेगा और जनता के दर्शन के लिए ज़िला स्टेडियम में रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह तिम्मापुर में लिंगायत धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार किया जाएगा।
श्री सिद्दारमैया ने श्री मेती के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और उन्हें एक समर्पित नेता के रूप में याद किया जिन्होंने अपना जीवन जनसेवा और जन कल्याण के लिए समर्पित कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित