पटना , फरवरी 11 -- बिहार जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने बुधवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में करारी हार से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के खेमे में गहरी बेचैनी और हताशा है, जिसके कारण उनके नेता अपनी भाषायी मर्यादा की सीमाएँ लाँघ चुके हैं।
श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि झूठ, दुष्प्रचार और छल का सहारा लेने के बावजूद विधानसभा चुनाव में सूबे की जनता ने राजद को मात्र 25 सीटों पर समेटकर उसकी वास्तविक राजनीतिक हैसियत दिखा दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में करारी हार से राजद खेमे में गहरी बेचैनी और हताशा है, जिसके कारण वह अपनी भाषायी मर्यादा की सीमाएँ भी लांघ चुका है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राजद के नेताओं के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इसलिए व्यक्तिगत आरोपों का सहारा लेकर वह अपनी पार्टी में पुनः जान फूंकने की नाकाम कोशिश कर रहे हैं।
श्री कुशवाहा ने कहा कि राजद नेताओं तथा उनके आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति जिस प्रकार के अपमानजनक और असंयमित शब्दों का प्रयोग किया गया है, वह निंदनीय और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राजद की तरफ से प्रदर्शित यह अशोभनीय व्यवहार बिहार के राजनीतिक स्तर को तार-तार करने का प्रयास है, जिसे जनता किसी भी सूरत में स्वीकार और बर्दाश्त नहीं करेगी।
जदयू के नेता ने कहा कि श्री कुमार जनता के अटूट विश्वास, असीम आशीर्वाद और अपार समर्थन के बदौलत बीते 20 वर्षों से बिहार की बागडोर संभाल रहे हैं और निरंतर जनसेवा में लगे हैं। ऐसे में उन पर राजद की व्यक्तिगत और अपमानजनक टिप्पणियाँ पूरे प्रदेश की जनता की भावनाओं को आहत करने वाली हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित