बदायूं , फरवरी 7 -- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में एक कार्यालय के गेट पर करंट प्रवाहित कंटीले तारों की चपेट में आने से बंदर की मौत हो गई। इस मामले में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक मुशर्रत अली उर्फ हाजी बिट्टन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात नगर के मोहल्ला नयागंज स्थित पूर्व विधायक हाजी बिट्टन के कार्यालय परिसर की दीवार पर लगे कंटीले तारों में कथित रूप से करंट प्रवाहित था। इसी दौरान एक बंदर तारों में फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बंदर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पशु प्रेमी एवं पीएफए के जिलाध्यक्ष विकेंद्र शर्मा की तहरीर पर जीव-जंतु संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में पूर्व विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहसवान धनंजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाजी बिट्टन वर्तमान में समाजवादी पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित