लखनऊ , दिसंबर 17 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि भाजपा सरकार के संरक्षण में कफ सिरप के नाम पर नकली दवाएं और जहर बेचा जा रहा है।
श्री यादव ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार में तमाम तरह का अवैध और नशे का कारोबार हो रहा है। अवैध कारोबारियों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अवैध कारोबार का सारा साम्राज्य भाजपा सरकार में खड़ा हुआ है। इसमें ऊपर से नीचे तक सब मिले हुए हैं। भाजपाई एक तरफ भ्रष्टाचार करके सरकारी बजट लूट रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में नकली सामान और दवाएं बनाकर जनता को लूटा जा रहा है।
उन्होने कहा कि भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा करते हुए बड़ी-बड़ी लफ्फाजी करने वाले अब कहां गुम हो गये हैं। नकली और जहरीली सिरप के हजारों करोड़ के अवैध कारोबार पर चुप्पी क्यों है। भाजपा सरकार में प्रदेश में अराजकता चरम पर है। भ्रष्टाचार और लूट की पराकाष्ठा है। यूपी में ऐसा फर्जीवाड़ा कभी नहीं हुआ था। भाजपा का भ्रष्ट सिस्टम प्रदेश की जनता को बीमार और बेहाल बना रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित