कपूरथला , मार्च 31 -- पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त अमित कुमार पंचाल ने आने वाले दिनों में मंडियों में गेहूं की आमद को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों को किसानों, मजदूरों और आढ़तियों के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने मंगलवार को बताया कि जिले में स्थायी रूप से 42 मंडियों के अलावा अस्थायी मंडियां भी स्थापित की जाएंगी, जहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीजन के दौरान मंडियों में 3.11 लाख टन गेहूं की आवक होने की संभावना है, जिसके लिए जिला प्रशासन आवश्यक तैयारियां कर रहा है। उन्होंने गेहूं की सुचारू खरीद के लिए मंडियों में साफ-सफाई, पीने के पानी और किसानों के बैठने जैसी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि सभी खरीद एजेंसियों, मार्कफेड, केंद्रीय खाद्य निगम, पनग्रेन, पनसप, वेयरहाउस कॉर्पोरेशन, के साथ-साथ पंजाब मंडी बोर्ड और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को जरूरत के अनुसार बोरियों (बारदाना) और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उपायुक्त ने एसडीएम को भी निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यक्तिगत रूप से खरीद व्यवस्थाओं की निगरानी करें, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित