फगवाड़ा , जनवरी 19 -- पंजाब में कपूरथला के कंजली रोड पर वन क्षेत्र के पास सोमवार सुबह एक सांभर हिरण की वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना जंगल के पास ही घटी, जहां घायल जानवर खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला।

घटना की पुष्टि करते हुए वन्यजीव विभाग के प्रभारी बोबिंदर सिंह ने बताया कि सांभर संभवतः जंगल से भटककर सड़क पर आ गया था, जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मृत्यु हो गयी। उन्होंने बताया कि वन्यजीव नियमों के अनुसार आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं और जानवर को आगे की कार्रवाई के लिए उचित स्थान पर ले जाया गया है।

बोबिंदर सिंह ने बताया कि वाहन चालकों की सावधानी के लिए वन-निकटवर्ती क्षेत्रों के पास सुरक्षा बिंदु और गति सीमा दर्शाने वाले साइनबोर्ड पहले ही लगाये जा चुके हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए विभागीय कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिये गये हैं और वन विभाग वन्यजीव संरक्षण मानदंडों के तहत आवश्यक कार्रवाई कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित