अमृतसर , फरवरी 23 -- कनाडा के सांसद एवं विपक्ष के डिप्टी लीडर टिम सिंह उप्पल ने सोमवार को परिवार और साथियों के साथ सचखंड श्री हरिमंदर साहिब में नतमस्तक होकर श्रद्धा जतायी। उनके साथ श्री कुलदीप सिंह प्रधान, के.एन.आर. ग्रुप कनाडा और चरणजीत सिंह मावीकलां भी मौजूद थे।
इस अवसर पर उन्हें श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि कमेटी की ओर से शिरोमणि कमेटी सदस्य भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल और सूचना अधिकारी रणधीर सिंह ने सचखंड श्री हरिमंदर साहिब का सुनहरा मॉडल और पुस्तकें देकर सम्मानित किया।
भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल ने कहा कि देश और दुनिया में बसने वाले सिखों ने अपनी मेहनत के बल पर उच्च मुकाम हासिल किये हैं। इनमें से ही टिम सिंह उप्पल भी एक हैं, जिन्होंने कनाडा की राजनीति में नाम कमाया है। उन्होंने दर्शनों के लिए आए उप्पल और उनके परिवार का स्वागत किया।
श्री उप्पल ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदर साहिब दुनिया भर में बसने वाले सिखों के लिए बड़ी आस्था का केंद्र है, जहां नतमस्तक होकर वह खुद को सौभाग्यशाली महसूस करते हैं। उन्होंने शिरोमणि कमेटी द्वारा मिले सम्मान के लिए धन्यवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित