पटना , मार्च 12 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को कहा कि कटिहार जिले के सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा कटिहार सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पतालबनाया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने आज कटिहार जिले के प्राणपुर प्रखंड की बरझल्ला पंचायत में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि कटिहार में विकास के कई कार्य कराये गये हैं।उन्होंने कहा कि सभी 16 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल तथा कटिहार सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि पटना से कटिहार तक अच्छी सड़क का निर्माण करा दिया गया है। कटिहार में अनेक पुलों एवं पथों का निर्माण कराया गया है।

श्री कुमार ने कहा कि कटिहार से पूर्णिया पथ का 4 लेन चौड़ीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी पर मनिहारी साहेबगंज पुल का निर्माण कराया गया है। इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की गयी है। महिला आईटीआई एवं सभी अनुमंडलों में आईटीआई की स्थापना की गयी है। जीएनएम संस्थान एवं पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना की गयी है। कर्पूरी छात्रावास एवं तीन आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि कटिहार जिले की सात योजनाओं की स्वीकृति दी गयी, जिन पर काम चल रहा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री कुमार ने कहा कि गोगाबील झील का विकास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कटिहार में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। गोरखनाथ मंदिर का विकास कराया जा रहा है। कटिहार में आरओबी एवं एलिवेटेड सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। जलापूर्ति योजना का निर्माण कराया जा रहा है। सात नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच में कटिहार में अनेक काम कराये जायेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित