चंडीगढ़ , जनवरी 30 -- पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक, गुलाब चंद कटारिया ने शुक्रवार को पंजाब लोक भवन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनके शहीदी दिवस पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखा और महात्मा गांधी को हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री कटारिया ने कहा कि महात्मा गांधी ने भाषाई, क्षेत्रीय और सांस्कृतिक विविधता से भरे राष्ट्र को एकजुट किया और स्वतंत्रता आंदोलन को एक नयी दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधी जी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और स्वच्छता के आदर्श एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन को प्रेरित करते रहेंगे। गांधी जी के दर्शन की प्रासंगिकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अहिंसा के संदेश में बिना हथियारों के भी दुनिया को बदलने की असाधारण शक्ति है। राज्यपाल ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन दर्शन और कर्तव्य के प्रति अटूट भावना नागरिकों को राष्ट्र निर्माण और मानवता की सेवा के मार्ग पर आगेबढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित