चंडीगढ़ , फरवरी 07 -- ) पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार गुरु द्रोणाचार्य स्टेडियम, डड्डूमाजरा में धनास और डड्डूमाजरा क्षेत्र के निवासियों के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और उत्तरदायी प्रशासन के प्रति चंडीगढ़ प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहरायी।
इस शिविर में चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद सहित प्रशासन के सभी वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। शिविर के दौरान नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे प्रशासक के समक्ष रखीं।
नागरिकों द्वारा उठाए गए मुद्दों में स्वच्छता, जलापूर्ति, बिजली, सड़कें, स्ट्रीट लाइट, आवास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सामाजिक कल्याण योजनाएं, ठोस कचरा प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा जैसे विषय प्रमुख रहे। मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों ने शिकायतों की स्थिति की जानकारी दी और कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
शिविर के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 शिकायतों को प्रशासक ने व्यक्तिगत रूप से सुना। सभी शिकायतों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। प्रशासक ने आश्वासन दिया कि प्राप्त सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रशासक ने चंडीगढ़ प्रशासन की लोक समाधान - एकीकृत ऑनलाइन शिकायत निगरानी प्रणाली का भी शुभारंभ किया। यह पोर्टल https://loksamadhan.chd.gov.in' पर उपलब्ध है, जिसके माध्यम से नागरिक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर उसकी प्रगति की निगरानी कर सकेंगे। इस प्रणाली से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और जनसेवाओं की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित