जम्मू , मार्च 24 -- उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने मंगलवार को श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस के मार्ग में बड़े बदलाव की घोषणा की और अब यह प्रीमियम ट्रेन अब जालंधर सिटी के बजाय गुरदासपुर और बटाला होकर चलेगी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, श्री माता वैष्णो देवी कटरा-अमृतसर वंदे भारत एक्सप्रेस कटरा से सुबह 06:40 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन सुबह 11:40 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में ये ट्रेन अमृतसर से शाम 04:40 बजे प्रस्थान करेगी और उसी दिन रात 09:45 बजे कटरा पहुंचेगी। यह ट्रेन आने और जाने दोनों दिशाओं में जम्मू, पठानकोट कैंट, पठानकोट, गुरदासपुर और बटाला रेलवे स्टेशनों पर निर्धारित सारणी के अनुसार रुकेगी। मार्ग परिवर्तन से अमृतसर और जम्मू के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को तेज, अधिक आरामदायक तथा सीधा संपर्क मिलेगा। इसके साथ ही जालंधर मार्ग से होने वाली लंबी दूरी भी कम हो जायेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि इस बदलाव से वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी आधुनिक ट्रेन की सेवा बटाला और गुरदासपुर के क्षेत्रों तक विस्तृत होगी। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों-दोनों को लाभ होगा। यह निर्णय प्रीमियम श्रेणी के यात्रियों को सीधा लाभ पहुंचाने और उनके यात्रा अनुभव को और भी सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अब से यह ट्रेन पठानकोट सिटी के बजाय पठानकोट कैंट पर रुकेगी और यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या 139 डायल कर ट्रेन के समय एवं ठहराव के सटीक विवरण की पुष्टि कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित