कटक , अक्टूबर 07 -- ओडिशा के कटक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान गुटों में हुई झड़पों के बाद लगाए गए कर्फ्यू में सामान्य स्थिति होने पर मंगलवार को 36 घंटे बाद ढील दी गयी।

पुलिस आयुक्त एस. देब दत्ता सिंह ने कहा कि शहर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति की ओर बढ़ रहा है और पिछले 24 घंटों में कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। आज सुबह 10 बजे समाप्त होने वाले कर्फ्यू को बढ़ाने के बारे में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिलने पर सामान्य जीवन की वापसी के लिए प्रतिबंध हटा दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि कर्फ्यू में ढील के साथ, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान फिर से खुल गए और शहर भर में वाहनों की आवाजाही फिर से शुरू हो गई। जिला प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी है और शांति-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

उल्लेखनीय है कि शनिवार रात मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई हिंसा के बाद कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए 13 पुलिस थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया था। सोशल मीडिया पर गलत सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए जिला प्रशासन के अनुरोध पर राज्य गृह विभाग द्वारा इंटरनेट सेवाओं को 24 घंटे के लिए और बढ़ा दिए जाने के बाद आज शाम सात बजे तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित