श्रीगंगानगर , अप्रैल 11 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में शहर के कचरा निस्तारण को लेकर चक 6 जैड ए स्थित डंपिंग यार्ड पर पिछले कई दिनों से चल रहे स्थानीय विरोध ने एक बार फिर तनाव पैदा कर दिया था। नगर परिषद द्वारा प्रतिदिन सभी वार्डों से एकत्रित कचरे को इस स्थल पर डाले जाने का विरोध कर रहे कुछ स्थानीय व्यक्तियों और ग्रामीणों ने धरना देकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे पूरे शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई।

आज सुबह नगर परिषद, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर धरनार्थियों को समझाइश दी। लंबी चर्चा के बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त कर दिया गया। इसके तुरंत बाद कचरा ट्रैक्टर-ट्रालियों का आवागमन पुनः शुरू हो गया और डंपिंग यार्ड पर कचरा निस्तारण का कार्य सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया।

नगर परिषद आयुक्त नयन गौतम ने बताया कि धरने के कारण सरकारी मार्ग अवरुद्ध होने और राजकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न होने से न केवल कचरा संग्रहण प्रभावित हुआ, बल्कि आम नागरिकों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और रहने योग्य बनाए रखना है। इस पूरे प्रकरण को लेकर उच्च न्यायालय में याचिका विचाराधीन है और अदालत द्वारा पारित किसी भी आदेश की पूर्ण पालना में नगर परिषद नियमानुसार कार्यवाही कर रही है। फिलहाल डंपिंग यार्ड पर कचरा डालने की व्यवस्था सुचारू रूप से चालू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित