नयी दिल्ली , फरवरी 19 -- दुनिया भर में कई एयरलाइंस की ऑनलाइन चेक-इन गुरुवार सुबह करीब 45 मिनट के लिए बंद रही जिससे हवाई अड्डों पर चेक-इन के लिए यात्रियों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ा।

एमेडस आईटी समूह की कंपनी नेविटेयर का सर्वर डाउन होने से यह समस्या आयी थी। दुनिया में कई बड़ी एयरलाइंस अपनी ऑनलाइन बुकिंग और चेक-इन के लिए नेविटेयर के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करती हैं। भारतीय समय के अनुसार, यह समस्या सुबह 6.45 पर शुरू हुई थी और 7.28 तक जारी रही। इससे नेविटेयर के प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने वाली एयरलाइंस के यात्री ऑनलाइन चेक-इन नहीं कर पाये।

दिल्ली हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने 'यूनीवार्ता' को बताया कि यहां एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा के यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ा , हालांकि इस दौरान मैन्युअल चेक-इन जारी रही।

ऑनलाइन चेकइन न होने से मैन्युअल चेक-इन के लिए काउंटरों पर लंबी कतार लग गयी और लोगों को चेक-इन के लिए ज्यादा इंतजार करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि इससे उड़ानों में किसी प्रकार की देरी की खबर नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित