पौड़ी गढ़वाल, 03 जनवरी 2026 (वार्ता) पौड़ी गढ़वाल को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में नगर पालिका परिषद, पौड़ी द्वारा निरंतर स्वच्छता अभियानों का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को कंडोलिया मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों से संबंधित बैठक में जिलाधिकारी द्वारा नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित स्वच्छता अभियान चलाने, सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा एकत्रित कचरे का समयबद्ध एवं वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके क्रम में पौड़ी नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों द्वारा कंडोलिया मंदिर परिसर, पैदल मार्ग तथा आसपास के सार्वजनिक स्थलों की गहन सफाई की गई। इस दौरान एकत्रित कूड़ा-कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित करते हुए प्लास्टिक कचरे का पृथक संग्रह कर उसका समुचित निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित